फिरोजाबाद के फरार अधिवक्ता पर 25 हजार का इनाम:1 साल से ढूंढ रही पुलिस, गोरखपुर में पकड़ी गई थी जाली नोट छापने वाली गैंग

Nov 23, 2026 - 22:03
0
फिरोजाबाद के फरार अधिवक्ता पर 25 हजार का इनाम:1 साल से ढूंढ रही पुलिस, गोरखपुर में पकड़ी गई थी जाली नोट छापने वाली गैंग
गोरखपुर की कैंट पुलिस ने एक साल से फरार गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अर्पित जैन की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का इनाम घोषित किया है। बिहार से फर्जी स्टांप और जाली नोटों का धंधा करने के आरोपियों के पकड़े जाने के बाद फिरोजाबाद के फरिहा थाना क्षेत्र के रहने वाले अर्पित जैन का नाम सामने आया था। तभी से आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस कई बार फिरोजाबाद जाकर दबिश भी दे चुकी है। पुलिस के मुताबिक, अर्पित जैन फिरोजाबाद सिविल कोर्ट का अधिवक्ता भी है। पुलिस के ऑपरेशन से गिरोह का हुआ पर्दाफाश यह मामला सितंबर 2024 में तब सामने आया जब यूपी ATS (आतंकवाद निरोधक दस्ते) ने एक सितंबर को सिवान रेलवे स्टेशन के पास एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन के तहत नवाब आरजू और उसके साथी राजू को गिरफ्तार किया। उनके पास से फर्जी स्टांप, नकदी और एक वाहन बरामद हुआ था। इस दौरान पूछताछ में नवाब आरजू ने खुलासा किया कि अर्पित जैन पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख व्यक्ति है, जो फर्जी स्टांप के कारोबार में निवेश करता है। इसके बाद कैंट पुलिस ने अर्पित जैन के खिलाफ भी केस दर्ज किया और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम फिरोजाबाद भी भेजी गई। फिरोजाबाद में अर्पित जैन का सुराग नहीं मिल पाया पुलिस के मुताबिक, अर्पित जैन के खिलाफ कई बार फिरोजाबाद में छापेमारी की गई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अर्पित जैन का नेटवर्क बहुत मजबूत है, और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है। फर्जी स्टांप के साथ जाली नोटों का भी कारोबार इस गिरोह का पर्दाफाश और भी चौंकाने वाला था जब यह सामने आया कि यह सिर्फ फर्जी स्टांप का कारोबार नहीं कर रहा था, बल्कि जाली नोट भी छापता था। यूपी ATS ने नवाब आरजू की निशानदेही पर कैंट थाना पुलिस को 200 रुपये के चार जाली नोट बरामद करने में सफलता प्राप्त की थी। इसके बाद जाली नोट छापने की धारा भी मामले में जोड़ी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरोह के कई सदस्य विभिन्न राज्यों में सक्रिय हैं, और इसने न केवल गोरखपुर बल्कि उत्तर प्रदेश और बिहार के कई अन्य हिस्सों में भी अपनी गतिविधियां फैलाई हैं। इस गिरोह की कार्यप्रणाली से जुड़ी अन्य जानकारियां अभी भी सामने आ रही हैं और पुलिस इसे लेकर जांच जारी रखे हुए है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User