फतेहपुर में मां-बेटी समेत 10 पर मुकदमा दर्ज:बस स्टॉप पर भूमि विवाद को लेकर लगाया था जाम, रस्सी बांधकर दोनों तरफ का रास्ता रोका
फतेहपुर में अमौली कस्बे के करनपुर बस स्टॉप पर शनिवार को सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने मां-बेटी समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। भूमि विवाद को लेकर सड़क पर जाम लगाए जाने से फतेहपुर-जहानाबाद मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बस, ई-रिक्शा और अन्य वाहन जाम में फंसे रहे। कस्बा निवासी पूजा पांडेय और उनकी मां सरोजनी ने परिजनों के साथ बस स्टॉप के सामने सड़क के दोनों ओर रस्सी बांधकर रास्ता रोक दिया था। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस की पूछताछ में पूजा पांडेय ने बताया कि उनका भूमि विवाद का मामला चल रहा है। आरोप है कि राजस्व टीम की ओर से मामले का सही तरीके से निस्तारण नहीं किया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने परिजनों के साथ सड़क पर जाम लगा दिया था। चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा और महिला पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया। काफी प्रयास के बाद सड़क से रस्सियां हटाकर यातायात बहाल कराया गया। करीब आधे घंटे तक जाम रहने के कारण फतेहपुर-जहानाबाद मार्ग पर कई वाहन फंसे रहे। थाना प्रभारी वृंदावन राय ने सोमवार सुबह बताया कि सड़क पर आवागमन बाधित करने के मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से विवादों के समाधान के लिए कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक मार्ग पर यातायात बाधित नहीं करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)