बाल विवाह के खिलाफ अटल पार्क में निकाला कैंडल मार्च:200 ग्राम पंचायतों में चला रही जागरूकता अभियान, चाइल्ड हेल्पलाइन की दी जानकारी
फिरोजाबाद में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से नव भारती नई विकास समिति की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से संचालित इस अभियान के तहत जिले की 200 ग्राम पंचायतों में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में स्कूली बच्चों की रैलियां निकाली जा रही हैं। वहीं, कैंडल मार्च के माध्यम से भी समाज को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार शाम फिरोजाबाद के अटल पार्क में कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इसमें शहर के विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लेकर लोग आगे बढ़े और बाल विवाह के खिलाफ नारे लगाते हुए समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान ‘बाल विवाह बंद करो’ और ‘बच्चों का भविष्य सुरक्षित करो’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों से इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने की अपील की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन चिराग सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. जफर आलम ने किया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में बच्चों का विवाह उनके भविष्य और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। बाल विवाह कानूनन अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित बचपन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा सर्वोपरि है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में अपनी भूमिका निभाए। डॉ. जफर आलम ने बताया कि जनपद की किसी भी ग्राम पंचायत अथवा शहरी क्षेत्र के किसी वार्ड में बाल विवाह होने की सूचना मिलती है तो संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे रुकवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करती है। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी बच्चे के साथ परेशानी, शोषण या अन्य प्रकार की समस्या होने पर इस नंबर पर सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चुप न रहें, बल्कि तत्काल संबंधित टीम या चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दें। बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण केवल जागरूकता से ही नहीं, बल्कि सामूहिक भागीदारी और समय रहते इसकी सूचना देने से संभव है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)