सोनभद्र में जर्जर सड़क पर लोगों का प्रदर्शन:बोले- रोड नहीं तो वोट नहीं, छात्र-छात्राओं और महिलाओं को परेशानी
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में राबर्ट्सगंज-महुड़ी खुर्द-पीथा-सहीजन संपर्क मार्ग की जर्जर हालत को लेकर रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं समाजवादी लोहिया वाहिनी के नेता विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में जूते-चप्पल लेकर सड़क की बदहाली के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ ही महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि गड्ढों और कीचड़ के कारण सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। विवेक सिंह पटेल ने कहा कि वार्ड नंबर-5 के लोगों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत खराब होने से स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। शासन-प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर सड़क का निर्माण या आवश्यक मरम्मत करानी चाहिए। स्थानीय महिला उर्मिला देवी ने कहा कि सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। महिलाओं और बुजुर्गों को भी काफी दिक्कत होती है। उन्होंने सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि यदि सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी चुनाव में ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का मुद्दा उठाया जाएगा। प्रदर्शन में सीबू, रवि, संगीता, गुड़िया, संतोष देवी, फूल कुमारी, फूल देवी, विमला देवी, चिंता, रीना देवी, राजेंद्र, पप्पू पासवान, मीरा देवी, कल्पना, दुर्गावती देवी और जितेंद्र समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)