सपा-कांग्रेस की तकरार पर मेरठ में भाजपा का तंज:जनप्रतिनिधि बोले- दो परिवारों के स्वार्थ का है इंडिया गठबंधन, फिर फ्लॉप होगी दो लड़कों की फिल्म
समाजवादी पार्टी की ओर से पांच प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से भी प्रत्याशियों की सूची जारी की गई थी। इसमें कुछ ऐसी सीटें भी शामिल हैं, जहां सपा पहले ही अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बढ़ती तनातनी पर भाजपा नेताओं ने तंज कसना शुरू कर दिया है। मेरठ के भाजपा जनप्रतिनिधियों ने इसे गठबंधन की अंदरूनी खींचतान बताते हुए चुनाव से पहले ही हार की बौखलाहट करार दिया है। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि इंडिया गठबंधन केवल दो परिवारों के निजी स्वार्थ का गठबंधन है, जबकि भाजपा का गठबंधन सीधे जनता से है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में सीटों को लेकर चल रही तकरार भाजपा की प्रचंड जीत की संभावना से उपजी बौखलाहट है। गठबंधन चुनाव से पहले ही अपनी हार मान चुका है। सोमेंद्र तोमर ने कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा वर्ष 2022 से भी ज्यादा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल दल अपने-अपने स्वार्थ पूरे करना चाहते हैं। जिस पार्टी का स्वार्थ पूरा नहीं होगा, वह इसी तरह खुद को मजबूत दिखाने की कोशिश करेगी। सीटों के बंटवारे को लेकर सामने आ रही खींचतान इसी का परिणाम है।
दो लड़कों की जोड़ी की फिल्म फिर होगी फ्लॉप : भारद्वाज एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने भी सपा-कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी को दो लड़कों की जोड़ी कहा जाता था। वर्ष 2017 और 2022 के चुनाव में यह जोड़ी सफल नहीं हो सकी। अब एक बार फिर वही राजनीतिक फिल्म दोहराई जा रही है, जो इस बार भी फ्लॉप होने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने एनडीए गठबंधन के साथ तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। इस बार इंडिया गठबंधन का सियासी सफाया होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। इधर, सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर जारी खींचतान के बीच मेरठ के अन्य भाजपा जनप्रतिनिधि भी गठबंधन पर निशाना साध रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि जो गठबंधन चुनाव से पहले ही सीटों के बंटवारे पर एकमत नहीं हो पा रहा है, वह चुनाव के बाद सरकार चलाने में भी सफल नहीं होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)