बागपत में किसानों ने 588 रुपए गन्ना भाव की मांग:राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस पर ज्ञापन सौंपा

Nov 26, 2026 - 19:51
0
बागपत में किसानों ने 588 रुपए गन्ना भाव की मांग:राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस पर ज्ञापन सौंपा
बागपत। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 26 नवंबर को राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस के अवसर पर किसान एकता केंद्र और विभिन्न किसान संगठनों ने किसानों, खेत मजदूरों और ग्रामीण कामगारों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय कृषि एवं खाद्य मंत्री और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित करने समेत कई मांगें उठाईं। किसान संगठनों ने वर्ष 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र के लिए 588 रुपये प्रति कुंतल गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की। उनका कहना है कि शाहजहांपुर गन्ना शोध संस्थान के अनुसार गन्ना उत्पादन की लागत 392 रुपये प्रति कुंतल है। ऐसे में लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा जोड़कर गन्ने का भाव तय किया जाना चाहिए। किसानों ने चीनी की बेसिक रिकवरी दर 8.5 प्रतिशत करने, प्रमाणित गन्ना प्रजातियों की खरीद सुनिश्चित करने और 14 दिन के भीतर गन्ना भुगतान की गारंटी देने की मांग भी उठाई।इसके अलावा गन्ने और खाद्यान्न से एथेनॉल बनाने पर रोक लगाने, चीनी को राशन व्यवस्था के माध्यम से कम कीमत पर उपलब्ध कराने तथा गन्ना तौल केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन में एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों और मजदूरों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने, मनरेगा में 200 दिन काम और 700 रुपये दैनिक मजदूरी देने तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों और खेत मजदूरों को 21 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग की। किसानों ने बिजली और बीज विधेयक वापस लेने, भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने, किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों की याद में स्मारक बनवाने और किसानों-मजदूरों से सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा करने की मांग उठाई। संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो किसान देशव्यापी आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User