नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म, वीडियो से सात महीने ब्लैकमेल:सामान के बहाने घर पहुंचा, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में महिला को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर सात महीने तक ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का ही युवक सामान देने के बहाने पहले महिला के घर पहुंचा और पति की गैरमौजूदगी में उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट भी की। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस के आला अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पहले एक नजर पूरी वारदात पर
पीड़ित के मुताबिक, 10 मार्च, 2026 को उसका पति बच्चों को लेकर अपनी बहन के यहां गया हुआ था। घर पर वह अकेली थी। इसी दौरान गांव का उस्मान सामान लेकर उसके घर पहुंचा। गांव का होने के कारण महिला ने उसे घर के अंदर बुला लिया और चाय बनाने की बात कही। आरोप है कि उस्मान ने चाय बनाने से मना करते हुए अपने साथ लाई कोल्ड ड्रिंक पीने की बात कही और महिला से दो गिलास मंगवाए। बेहोश होने पर दुष्कर्म किया, वीडियो बनाई
महिला का आरोप है कि उस्मान ने उसे जबरन कोल्ड ड्रिंक पिला दी। इसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना ली। करीब चार से पांच घंटे तक आरोपी उसके घर में रहा। होश आने पर महिला को अपने साथ हुई घटना का पता चला। आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देगा। वीडियो वायरल की धमकी देकर किया शोषण
पीड़िता के अनुसार, वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के बाद आरोपी उसे अलग-अलग जगह बुलाने लगा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई महीने तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। महिला डर के कारण किसी को कुछ नहीं बता सकी। आरोप है कि 16 नवंबर की शाम उस्मान उसकी ससुराल पहुंचा और उसे अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगा। महिला ने जाने से मना किया तो आरोपी ने घर में पड़े प्लास्टिक के पाइप से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में महिला को चोटें आईं। परिवार को दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि लगातार शोषण और मारपीट से परेशान होकर उसने अगले दिन अपने पति को पूरी घटना बता दी। पति ने आरोपी का विरोध किया तो वह पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद महिला ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)