स्कूल की संपत्ति को हड़पने के आरोप में FIR होगा:जौनपुर में कोर्ट ने BSA और प्रबंधक समेत 5 के खिलाफ मुकदमा का आदेश
जौनपुर की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत ने शाहगंज के जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अर्गूपुर कला की संपत्ति और धन हड़पने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने शाहगंज कोतवाल को सात दिन के भीतर एफआईआर की कॉपी पेश करने का निर्देश दिया है। स्कूल प्रबंधक ने अदालत में दी थी अर्जी वादी और स्कूल प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह ने अधिवक्ता इंदु प्रकाश चौबे और अभिषेक चतुर्वेदी के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें तत्कालीन बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, प्रधानाचार्य अमित कुमार सिंह, यूनियन बैंक बीबीगंज, शाहगंज के प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव, स्कूल लिपिक जयप्रकाश यादव और जितेंद्र बहादुर सिंह के नाम शामिल हैं। 70 लाख रुपए से अधिक के गबन का आरोप प्रार्थना पत्र के मुताबिक, नरेंद्र बहादुर सिंह ने दिसंबर 2024 में मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक, बीएसए, जिलाधिकारी, शाहगंज कोतवाल, शिक्षा विभाग के महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने मिलकर जाली दस्तावेजों के जरिए स्कूल की संपत्ति हड़पी और मिड-डे मील की रकम समेत स्कूल के धन का गबन किया। वादी ने 70 लाख रुपए से अधिक के गबन का आरोप लगाया। यह भी आरोप लगाया कि अमित कुमार, जयप्रकाश और जितेंद्र से पूछताछ करने पर उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। बैंक खाते के लेनदेन का विवरण मांगने पर यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक ने जानकारी देने से मना कर दिया था। सेशन कोर्ट के आदेश के बाद दोबारा सुनवाई 10 दिसंबर 2025 को मजिस्ट्रेट अदालत ने नरेंद्र बहादुर सिंह का प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ उन्होंने सेशन कोर्ट में फौजदारी निगरानी याचिका दायर की। 2 सितंबर 2026 को सेशन कोर्ट ने मजिस्ट्रेट अदालत का आदेश रद्द करते हुए नए सिरे से सुनवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद सीजेएम ने शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक को संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)