BDO पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को धमकाया:कार्यालय न आने पर काम से निकालने की धमकी, विधायक से लगाई न्याय की गुहार
प्रतापगढ़ के बाबा बेलखरनाथ धाम में स्वयं सहायता समूह की दो दर्जन से ज्यादा महिलाएं रविवार को सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य के घर पहुंचीं। उन्होंने बीडीओ राजीव कुमार पांडेय पर आरोप लगाया कि वह उन्हें कार्यालय बुलाते हैं और न आने पर काम से निकालने की धमकी देते हैं। महिलाओं ने विधायक से न्याय मांगा। बेलखरनाथ धाम ब्लॉक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत टीएचआर प्लांट चलता है। यहां समूह की महिलाएं पुष्टाहार बनाती हैं और बाल विकास विभाग को देती हैं। महिलाओं का कहना है कि बीडीओ जांच के नाम पर प्लांट आते हैं और उन्हें परेशान करते हैं। महिलाओं ने बताया कि पहले भी ब्लॉक में तैनाती के दौरान बीडीओ के व्यवहार की शिकायत हुई थी। तब सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा ने मामला शांत कराया था। करीब दो महीने पहले बीडीओ की दोबारा उसी ब्लॉक में तैनाती हुई है। विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने महिलाओं की शिकायत पर डीएम से बात की और मामले की जांच कराने को कहा है। शिकायत करने वालों में नीलम, ऊषा देवी, मोनिका गुप्ता, मीनू और विद्या शामिल थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)