ऑडिट दिवस के समापन पर बोले प्रधान महालेखाकार राजकुमार:डेटा ड्रिवन से बढ़ा ऑडिट का दायरा, पोर्टल सुधरें तो न हो गड़बड़ी
प्रयागराज में 16 से 27 नवंबर 2026 तक चले ‘ऑडिट दिवस-2026’ के समापन अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रधान महालेखाकार राजकुमार ने सार्वजनिक व्यवस्था में ऑडिट के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ऑडिट का उद्देश्य केवल कमियां निकालना नहीं, बल्कि व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और सरकार को सुधार के लिए ठोस सुझाव देना है। प्रधान महालेखाकार राजकुमार ने बताया कि पारंपरिक ऑडिट की तुलना में अब डेटा ड्रिवन और तकनीक आधारित ऑडिट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहले किसी जनकल्याणकारी योजना की जांच के दौरान केवल कुछ चुनिंदा जिलों को ही शामिल किया जाता था, जिससे पूरे प्रदेश की तस्वीर सामने नहीं आ पाती थी। अब डेटा आधारित ऑडिट के माध्यम से पूरे राज्य के स्तर पर निष्कर्ष और सिफारिशें सरकार को दी जा रही हैं, जिससे जांच का कवरेज पहले के मुकाबले व्यापक हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी पोर्टलों की कमियों को दूर कर दिया जाए तो व्यवस्था में एक पैसा भी इधर-उधर नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि जहां डेटा उपलब्ध है, वहां डेटा ड्रिवन तरीके से काम हो रहा है और वर्तमान में करीब 90 प्रतिशत ऑडिट इसी पद्धति से किया जा रहा है, जबकि लगभग 10 प्रतिशत हिस्सों में जहां डेटा उपलब्ध नहीं है, जैसे स्वास्थ्य विभाग में सीएमओ स्तर के कुछ आंकड़ों का अभाव पुरानी व्यवस्था से जांच होती है। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से ऑडिट में बहुत मदद मिल रही है। एआई की मदद से विसंगतियां आसानी से पकड़ी जाती हैं। जबकि किसी भी निष्कर्ष को अंतिम मानने से पहले फील्ड में जाकर सत्यापन और क्रॉस-चेक किया जाता है। सीएजी परख पोर्टल के बारे में उन्होंने बताया कि योजनाओं में बड़ी संख्या में अपलोड प्रमाणपत्रों व फोल्डरों की जांच में यह मददगार है। साथ ही डुप्लीकेट, फर्जी या धुंधले दस्तावेजों तथा एक ही फोटो के बार-बार इस्तेमाल को पकड़ता है। बताया कि कई कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के बाद सरकार ने पोर्टल में बदलाव किए, जिसके फॉलोअप में सुधार दिखाई दिया। उन्होंने लेखा एवं हकदारी तथा लेखापरीक्षा कार्यालय को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए आपसी सहयोग पर जोर दिया। शुक्रवार को समापन समारोह की शुरुआत प्रधान महालेखाकार राजकुमार ने दीप प्रज्वलित कर की, जिसके बाद उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों ने गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत किया। महालेखाकार डॉ. सुरेंद्र कुमार ने प्रयागराज स्थित सीएजी लेखापरीक्षा कार्यालय को मिले सीएजी के तीन विशिष्ट पुरस्कारों पर बधाई दी। अंत में राजकुमार, डॉ. सुरेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपमहालेखाकार प्रोमी और उपमहालेखाकार शैलेश अग्रवाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं व कर्मियों को तथा उपमहालेखाकार डॉ. लोकेश चौधरी ने मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)