जशोदाबेन ने दाऊजी महाराज मंदिर में पूजा की:मथुरा के बलदेव में दर्शन कर मांगी मनौती; सेवायतों ने प्रसाद और फरिया भेंट की

Nov 27, 2026 - 18:37
0
जशोदाबेन ने दाऊजी महाराज मंदिर में पूजा की:मथुरा के बलदेव में दर्शन कर मांगी मनौती; सेवायतों ने प्रसाद और फरिया भेंट की
मथुरा के बलदेव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन मोदी शुक्रवार शाम को गोपनीय धार्मिक कार्यक्रम के तहत बलदेव पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज मंदिर में पहुंचकर भगवान श्री दाऊजी महाराज के दर्शन किए। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शीश नवाया और मनौती मांगते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। जशोदाबेन के बलदेव पहुंचने का कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। उनके मंदिर पहुंचने पर मंदिर परिसर में मौजूद सेवायतों और अन्य लोगों में हलचल बढ़ गई। दर्शन के दौरान उन्होंने श्रद्धापूर्वक भगवान श्री दाऊजी महाराज के समक्ष माथा टेका और पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर में कुछ समय बिताकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। मंदिर परिसर में पहुंचने पर सेवायत एवं पूर्व चेयरमैन राजाराम पांडेय, पवन पांडेय, जीतेंद्र पांडेय और गौरीशंकर पांडेय ने जशोदाबेन का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्हें श्री दाऊजी महाराज का प्रसाद भेंट किया गया और फरिया पहनाकर सम्मानित किया गया। जशोदाबेन के मंदिर पहुंचने की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों को मिली, उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए। लोगों में उन्हें देखने और उनके साथ मुलाकात करने को लेकर उत्सुकता दिखाई दी। इस दौरान मंदिर परिसर में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। जशोदाबेन ने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान श्री दाऊजी महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना के बाद मंदिर से प्रस्थान किया। उनके इस धार्मिक दौरे की चर्चा क्षेत्र में होती रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User