कानपुर देहात में बारिश से बारिश का कहर:25 कच्चे मकान ढहे, मलबे में फंसी महिला को ग्रामीणों ने बचाया, मां-बेटा घायल
कानपुर देहात में गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि से शुरू हुई बारिश शनिवार और रविवार को जारी रही। लगातार हो रही बारिश ने जिले में कच्चे और जर्जर मकानों के लिए आफत खड़ी कर दी है। डेरापुर, रसूलाबाद, अकबरपुर, सिकंदरा और भोगनीपुर तहसील क्षेत्रों के अलग-अलग गांवों में करीब 15 कच्चे मकान भरभराकर गिरने की जानकारी सामने आई है। इन हादसों में अधिकांश जगह लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन कई परिवारों के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया। वहीं कुछ स्थानों पर मकान के मलबे में दबकर मवेशियों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग घायल भी हुए हैं। दो तस्वीरें डेरापुर का हाल जानिए डेरापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सरदारपुर, मजरा खजुर्रा में विमलेश देवी पत्नी वीर सिंह का कच्चा मकान बारिश के चलते गिर गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। इसी तहसील क्षेत्र के लडुवापुर गांव में नरसिंह देव पुत्र लाला राम यादव का मकान अतिवृष्टि के कारण भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में दबकर एक गाय और एक बकरी की मौत हो गई। डेरापुर के अकारू गांव में आजाद सिंह गौर का एक कमरे का कच्चा मकान भी बारिश के बीच भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त उनकी पत्नी मंजू देवी घर के अंदर आटा निकालने गई थीं। इसी दौरान मकान गिरने से वह धन्नी और दरवाजे के बीच फंस गईं। महिला के फंसने की जानकारी मिलते ही मनीष राजावत समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मंजू देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर लेखपाल अंकित वर्मा भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। झींझक विकासखंड की ग्राम पंचायत परहुली में प्रीति पत्नी सुरेश दिवाकर का कच्चा मकान भी लगातार बारिश की भेंट चढ़ गया। प्रीति के पति सुरेश दिवाकर दृष्टिबाधित हैं और परिवार में चार बच्चे हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। परिवार का कहना है कि उन्हें अभी तक आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। मकान गिरने के बाद बच्चों के साथ परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। भोगनीपुर का हाल भोगनीपुर तहसील के हरदुआ खालसा गांव में भी बारिश के कारण मकान गिरने की घटनाएं सामने आईं। यहां दिनेश कुमार, लक्ष्मी देवी, सिमरन गौतम, मुस्कान गौतम और कुनाल गौतम के परिवार से जुड़ा मकान गिर गया। इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। इसी हरदुआ खालसा गांव, पोस्ट सिंगरसीपुर में देववती पत्नी स्वर्गीय सुंदरलाल, संजय कुमार और बहन पूजा देवी का मकान भी बारिश के चलते गिर गया। सर्वांखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र के नाही गांव में भी बारिश के कारण मकान गिरने से चार बकरियां मलबे में दब गईं, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं भिलासी गांव में भी चार घर गिरने की जानकारी सामने आई है। रसूलाबाद का हाल रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के समायू गांव में विजय नारायण शर्मा उर्फ पप्पू पुत्र राम बाबू शर्मा का मकान भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में दबकर दो बकरी, एक बकरा और एक भैंस के बच्चे की मौत हो गई। रसूलाबाद तहसील के मलखानपुर जमथर और बेहरापुर में अतिवृष्टि से गिरे मकानों का अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद जितेंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह और सतीश चंद्र पुत्र बाबूलाल के परिवारों को उनके परिजनों के घर में शिफ्ट कराया गया। रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के ललभगत गांव में सौरभ पुत्र रजपाल, सनोज पुत्र रामा आसरे और सितेश कुमारी पत्नी वीरेंद्र सिंह के मकान भी बारिश से प्रभावित होकर गिर गए। वहीं रसूलाबाद के अंगतपुर गांव में प्रताप गौर का मकान बारिश के चलते गिर गया। इसी गांव में छेदीलाल का घर भी धराशायी हो गया। दहलिया गांव के अंगदपुर में मुकेश कठेरिया पुत्र बिहारी लाल का मकान गिर गया। सेऊघुरहू गांव में सत्य प्रकाश पुत्र जयराम का मकान भी बारिश की वजह से गिर गया। वहीं सिठाऊपुरवा, कहिजरी, रसूलाबाद में राघवेन्द्र सिंह पुत्र स्वर्गीय बाबू सिंह का घर भी बारिश में धराशायी हो गया। अमरौधा क हाल
अमरौधा ब्लॉक क्षेत्र के अमिलिया गांव में अमित कुमार पुत्र हाकिम सिंह का मकान भी लगातार बारिश के चलते गिर गया। शिवली के गांधी नगर मोहल्ले में शनिवार की भोर में शिव प्रकाश कुशवाहा का मकान गिर गया, जबकि नेवादा देवराय में शनिवार शाम करीब पांच बजे मुन्ना लाल प्रजापति का मकान भी गिर गया। दोनों घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। वहीं संदलपुर ब्लॉक क्षेत्र के खानपुर गांव में भी बारिश के चलते एक मकान गिरने की सूचना है। गजनेर इलाके में दीवार गिरी
उधर गजनेर थाना क्षेत्र के नाही गांव में बारिश के बीच मकान की दीवार गिरने से परिवार पर गंभीर संकट खड़ा हो गया। यहां रामासरे प्रजापति के कच्चे मकान की दीवार बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे गिर गई। मलबे में उनकी करीब 60 वर्षीय पत्नी केशकली और बेटा विनय कुमार प्रजापति दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। केशकली के पैर में फ्रैक्चर और कमर की हड्डी में चोट बताई जा रही है, जबकि विनय कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में चार मवेशियों के भी मलबे में दबने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए मां-बेटे को निजी वाहन से अकबरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना 112 पर दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)