लखीमपुर में 50 घंटे से बिजली गुल:पेड़-पोल गिरने से चरमराई व्यवस्था; डीएम ने पावर हाउस का किया निरीक्षण
लखीमपुर खीरी में करीब 50 घंटे से जारी बारिश और तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से अब कई इलाकों में पेयजल संकट भी खड़ा हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, सदर विधायक योगेश वर्मा और एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने छाउछ स्थित पावर हाउस पहुंचकर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों और बिजली बहाली के लिए चल रहे मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। पेड़ गिरने से कई जगह विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त तेज आंधी के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में कई पेड़ गिर गए। पेड़ों की टहनियां और तने बिजली के तारों पर गिरने से जगह-जगह आपूर्ति बाधित हुई। लगातार बारिश के कारण मरम्मत कार्य में भी कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के साथ पानी का भी संकट लंबे समय से बिजली न आने का सीधा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ा है। घरों में मोटर और पंप नहीं चलने से लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ऐसे में बिजली बहाली के साथ पेयजल व्यवस्था को सामान्य करना भी प्रशासन के सामने चुनौती बन गया है। डीएम ने जल्द बिजली बहाल करने के दिए निर्देश पावर हाउस के निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों से प्रभावित फीडरों और विद्युत लाइनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य पूरा कर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। डीएम ने पेयजल व्यवस्था को भी सामान्य कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और खराब मौसम के बीच सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए विद्युत व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)