मेरठ में 98,735 छात्रों ने किया संविधान प्रस्तावना का वाचन:एक स्वर, एक संविधान अभियान के तहत 250 से अधिक स्कूलों में हुए कार्यक्रम

Nov 26, 2026 - 22:04
0
मेरठ में 98,735 छात्रों ने किया संविधान प्रस्तावना का वाचन:एक स्वर, एक संविधान अभियान के तहत 250 से अधिक स्कूलों में हुए कार्यक्रम
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मेरठ में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज में मुख्य कार्यक्रम हुआ, जहां जनपद जज अरविन्द कुमार मिश्रा-II की मौजूदगी में करीब 1500 छात्रों और शिक्षकों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान छात्रों को संविधान में दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। जनपद न्यायाधीश ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने छात्रों से संविधान का सम्मान करने और अपने मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझने की अपील की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनिका वर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों और विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करना है। इसके जरिए संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और एक न्यायपूर्ण एवं समानता पर आधारित समाज बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। 250 स्कूलों के 97 हजार से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा इस अभियान के तहत सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज के अलावा मेरठ के करीब 250 अन्य छात्रों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। इनमें कुल 97,435 छात्रों ने हिस्सा लिया। मुख्य कार्यक्रम के करीब 1500 प्रतिभागियों और अन्य स्कूलों के छात्रों को मिलाकर कुल 98,735 लोगों ने प्रस्तावना का वाचन किया। वहीं, जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति शर्मा, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पारूल वर्मा, उप प्रधानाचार्य प्रशांत चौधरी और सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और छात्र मौजूद रहे। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनिका वर्मा ने आईआईएमटी लॉ कॉलेज, गंगानगर में आयोजित संविधान संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और छात्रों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User