महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म:सीतापुर में आंधी-बारिश के बीच CHC में हुई डिलीवरी, मां और तीनों बच्चे ठीक
सीतापुर के तंबौर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच तंबौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक महिला ने रविवार देर शाम एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। महिला ने दो बेटों और एक बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और तीनों नवजात की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। मौसम खराब होने और आवागमन प्रभावित होने के कारण महिला को जिला अस्पताल ले जाना मुश्किल था। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स श्वेता गुप्ता ने सूझबूझ दिखाते हुए CHC में ही प्रसव कराया। जानकारी के अनुसार, तंबौर क्षेत्र की महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। उस समय क्षेत्र में करीब 40 घंटे से लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी था। बारिश के चलते कई रास्तों पर आवागमन प्रभावित होने से परिजनों के सामने महिला को दूसरे अस्पताल ले जाने की चुनौती भी थी। अस्पताल में जांच के दौरान महिला का हीमोग्लोबिन करीब 6 ग्राम बताया गया। प्रसव पीड़ा बढ़ने के साथ ही महिला की हालत को लेकर परिजन भी चिंतित हो गए। परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स श्वेता गुप्ता से अस्पताल में ही प्रसव कराने का अनुरोध किया।
स्थिति को देखते हुए स्टाफ नर्स ने सावधानी और सूझबूझ के साथ प्रसव की प्रक्रिया शुरू कराई। कुछ देर बाद महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। इनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। तीनों नवजात के जन्म के बाद परिजनों में खुशी का माहौल बन गया। हालांकि नवजात बच्चों का वजन कम होने के चलते उन्हें डॉक्टर को निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ के अनुसार, प्रसव के बाद महिला और तीनों बच्चों की स्थिति फिलहाल ठीक है। चिकित्सकीय निगरानी में मां और नवजातों की देखभाल की जा रही है। लगातार बारिश के बीच हुए इस प्रसव के दौरान अस्पताल स्टाफ की तत्परता से महिला को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)