मुजफ्फरनगर में भारत-क्यूबा के पहलवानों के बीच मुकाबला:महिला कुश्ती में वंशिका ने मोनू को हराया, क्यूबा के योसैंकी ने 7 मिनट में उमंग को चित किया
मुजफ्फरनगर के गांव पचेंडा कला में शुक्रवार को आयोजित 35वें विशाल दंगल में भारत और क्यूबा के पहलवानों के बीच तीन लाख रुपए की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। इस मुकाबले में क्यूबा के पहलवान योसैंकी ने भारत के उमंग पहलवान को पटखनी देकर जीत दर्ज की। 15 मिनट के निर्धारित समय वाला यह मुकाबला महज सात मिनट में खत्म हो गया। वहीं, महिला पहलवानों के मुकाबले में मुजफ्फरनगर की वंशिका ने हरिद्वार के मोनू पहलवान को हराकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सात मिनट में उमंग को किया चित दंगल का शुभारंभ रूहल खाप के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के चौधरी सुशील रोहल ने फीता काटकर किया। पहले दिन देश-विदेश के पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक अखाड़े में पहुंचे। तीन लाख रुपए की कुश्ती में उत्तराखंड के उमंग पहलवान का मुकाबला क्यूबा के योसैंकी से हुआ। दोनों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला, लेकिन योसैंकी ने सात मिनट में उमंग को चित कर दिया। मुकाबले के बाद दर्शकों में विदेशी पहलवान के साथ सेल्फी लेने का उत्साह दिखाई दिया। हाथ में चोट के बावजूद वंशिका ने जीती कुश्ती महिला पहलवानों के मुकाबले में मुजफ्फरनगर की वंशिका ने हरिद्वार के मोनू पहलवान को शिकस्त दी। हाथ में चोट होने के बावजूद वंशिका ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कुछ ही मिनटों में प्रतिद्वंद्वी को अखाड़े में पछाड़ दिया। उनके प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। बोले- भारत में कुश्ती करना मुश्किल, हर मुकाबला नया अनुभव जीत के बाद क्यूबा के पहलवान योसैंकी ने भारतीय कुश्ती फेडरेशन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत में उन्हें सम्मान और प्यार के साथ अपनाया गया। यहां लाने और उन पर भरोसा जताने वाले अपने साथी का भी उन्होंने आभार जताया। योसैंकी ने कहा कि भारत और उनके देश की कुश्ती में काफी अंतर है। यहां मुकाबला करना मुश्किल है, लेकिन वह धीरे-धीरे सीख रहे हैं और आगे बढ़ रहे हैं। उनके लिए हर मुकाबला एक नया अनुभव है। उनका प्रयास है कि भारत में अपने प्रदर्शन से दर्शकों को खुशी दे सकें। दंगल के आयोजक अर्जुन पहलवान ने मुख्य अतिथि चौधरी सुशील रोहल और अन्य अतिथियों को फूल-मालाएं पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। दूसरे दिन होगी पांच लाख रुपए की कुश्ती आयोजक अर्जुन पहलवान ने बताया कि दंगल के दूसरे दिन पांच लाख रुपए की कुश्ती आयोजित की जाएगी, जिसमें हरियाणा के पहलवान मुकाबला करेंगे। चार दिवसीय आयोजन में दो दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और रागिनी के कार्यक्रम भी होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)