शाहजहांपुर में GST टीम का ट्रेडिंग कंपनी पर छापा:फर्जी ITC बिल जारी करने का शक, संदिग्ध दस्तावेज और बिना बिल का माल जब्त

Nov 27, 2026 - 21:05
0
शाहजहांपुर में GST टीम का ट्रेडिंग कंपनी पर छापा:फर्जी ITC बिल जारी करने का शक, संदिग्ध दस्तावेज और बिना बिल का माल जब्त
शाहजहांपुर। सदर बाजार थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे जीएसटी टीम ने एक होम सर्विस ट्रेडिंग कंपनी के व्यापार स्थल पर छापा मारा। टीम ने कंपनी के खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों और माल के परिवहन की जांच की। देर रात तक कार्रवाई जारी रही। जांच के दौरान टीम को कुछ संदिग्ध दस्तावेज मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। बिना बिल का माल भी कब्जे में लिया गया है। दिल्ली की कंपनी को दिखाई जा रही थी ज्यादातर बिक्री डिप्टी कमिश्नर एसआईबी बरेली अनिरुद्ध सिंह के मुताबिक, जीएसटी पोर्टल से मिली जानकारी में पता चला कि कंपनी इलेक्ट्रिकल सामान की खरीद-बिक्री करती है। कंपनी की ज्यादातर बिक्री दिल्ली में रजिस्टर्ड एक ट्रेडिंग कंपनी को दिखाई गई थी। यह कंपनी व्यापारी के परिवार की बताई जा रही है। टोल रिकॉर्ड में नहीं मिला ट्रकों के गुजरने का ब्योरा जांच में सामने आया कि इलेक्ट्रिकल सामान आमतौर पर दिल्ली से शाहजहांपुर आता है, जबकि कंपनी के रिकॉर्ड में सामान शाहजहांपुर से दिल्ली भेजा जाना दिखाया गया था। इस पर टीम ने माल ले जाने वाले ट्रकों के टोल रिकॉर्ड की जांच की। रिकॉर्ड में रास्ते के किसी टोल से ट्रकों के गुजरने की जानकारी नहीं मिली। अधिकारियों को आशंका है कि व्यापारी ने वास्तविक रूप से बी2सी (ग्राहक को सीधे बिक्री) की, जबकि दिल्ली की संबंधित कंपनी को इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ दिलाने के लिए फर्जी बिल जारी किए गए। दस्तावेज और बिना बिल का माल जब्त डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में असिस्टेंट कमिश्नर राहुल और राज्यकर अधिकारी प्रदीप व ताराचंद ने व्यापार स्थल का सर्वे किया। इस दौरान मिले संदिग्ध दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया। बिना बिल के मिले माल को भी कब्जे में लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है। कितने रुपये के टैक्स की चोरी हुई है, इसका आकलन जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User