मुरादाबाद में खंभे में करंट से हलवाई की मौत:बारिश की वजह से बंगला गांव सब्जी मंडी में भरा था पानी
मुरादाबाद में नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव सब्जी मंडी में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से भीगे बिजली के खंभे में आए करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बिजली विभाग के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह से मुरादाबाद में मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिससे बंगला गांव सब्जी मंडी परिसर जलमग्न हो गया था। मंडी में लगा बिजली का खंभा भी पूरी तरह भीगा हुआ था, जिसमें करंट उतर आया था। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मंडी निवासी अशोक पुत्र श्यामी अनजाने में खंभे के संपर्क में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह खंभे से चिपक गया। स्थानीय दुकानदारों ने मशक्कत के बाद उसे अलग कर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अशोक पेशे से हलवाई था और पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि बारिश में जर्जर खंभों और तारों की देखरेख नहीं होती, जिससे हादसे हो रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)