नोएडा बस अग्निकांड जांच की 7 दिन में आएगी रिपोर्ट:परिवहन विभाग ने गठित की विशेष टीम, ट्रैवल एजेंसी का मैनेजर गिरफ्तार

Sep 26, 2026 - 10:25
0
नोएडा बस अग्निकांड जांच की 7 दिन में आएगी रिपोर्ट:परिवहन विभाग ने गठित की विशेष टीम, ट्रैवल एजेंसी का मैनेजर गिरफ्तार
यमुना एक्सप्रेसवे पर एसी स्लीपर बस में आग लगने से 9 लोगों की मौत के मामले में अब तकनीकी जांच होगी। परिवहन मुख्यालय स्तर पर गठित विशेष टीम सात दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। परिवहन विभाग ने बस में आग लगने के तकनीकी कारणों की जांच की जिम्मेदारी सेव लाइफ फाउंडेशन को दी है। इंजन से एसी सिस्टम तक जांच जांच टीम में परिवहन विभाग और पुलिस के अधिकारी शामिल हैं। टीम बस में आग लगने की वजह जानने के लिए इंजन कंपार्टमेंट, विद्युत प्रणाली, ईंधन लाइन और एसी सिस्टम की जांच करेगी। इसके अलावा बस की तकनीकी स्थिति और आग लगने से पहले सामने आई संभावित खराबियों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। टीम हादसे से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद सात दिन में रिपोर्ट देगी। मैनेजर विकास गिरफ्तार पुलिस ने शुक्रवार को ट्रैवल एजेंसी के मैनेजर विकास को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, बस में पहले से कई तकनीकी खामियां थीं। इंजन में खराबी आ रही थी और बस में सामान भी क्षमता से ज्यादा लादा जाता था। इन बातों की जानकारी होने के बावजूद बस को चलवाने का आरोप मैनेजर पर है। इससे पहले पुलिस बस के दोनों चालकों और कंडक्टर को गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार को मैनेजर समेत चारों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। रिपोर्ट से साफ होगी आग की वजह अब विशेष टीम की जांच से यह पता लगाने की कोशिश होगी कि बस में आग किस वजह से लगी। इंजन, बिजली की वायरिंग, ईंधन लाइन और एसी सिस्टम की जांच के बाद हादसे के तकनीकी कारणों की स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User