फतेहपुर में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट पर मिले मृत डॉक्टर के हस्ताक्षर:डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने दिए जांच के आदेश, एक हफ्ते में मांगी रिपोर्ट
फतेहपुर जिले की खागा तहसील स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर में मृत सोनोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर से अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट जारी करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र लिखकर अपर निदेशक स्तर के अधिकारी से जांच कराने और एक सप्ताह में तथ्यात्मक रिपोर्ट देने को कहा है। फतेहपुर के सीएमओ डॉ. यूबी सिंह की कार्यशैली की भी जांच होगी। शिकायत के मुताबिक, 22 नवंबर को खागा डायग्नोस्टिक सेंटर में पारुल का अल्ट्रासाउंड किया गया था। इसकी रिपोर्ट पर जिस सोनोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर हैं, उनकी कोविड काल में ही मौत हो चुकी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सीएमओ की कथित छत्रछाया में जिले में ऐसे कई सेंटर संचालित हो रहे हैं। सीएमओ की भूमिका और कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। निरीक्षण में गैरहाजिर मिले थे अनुबंधित डॉक्टर सीएमओ कार्यालय ने 12 नवंबर को डायग्नोस्टिक सेंटर को नोटिस जारी किया था। निरीक्षण के दौरान अनुबंधित डॉक्टर डॉ. मनोज कुमार गैरहाजिर मिले थे। सेंटर में तकनीकी सहायक से अल्ट्रासाउंड जांच कराने का आरोप भी दर्ज किया गया था। इसके अलावा वहां पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं मिली थी। सेंटर संचालक सरवर रजी खान को 13 नवंबर को मूल रिकॉर्ड के साथ कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि नोटिस जारी होने के बावजूद सेंटर का संचालन जारी है। सीएमओ की भूमिका की भी होगी जांच जांच में रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने वाले सोनोलॉजिस्ट की मृत्यु से जुड़े तथ्यों, सेंटर के पंजीकरण, अल्ट्रासाउंड संचालन और नोटिस जारी होने के बाद की गई कार्रवाई की पड़ताल की जाएगी। साथ ही सीएमओ की भूमिका और कार्यशैली की भी जांच होगी। आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। सीएमओ का नहीं उठा फोन इस मामले में सीएमओ डॉ. यूबी सिंह का पक्ष जानने के लिए उनके सीयूजी नंबर पर फोन किया गया, हालांकि उनका फोन उठा नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)