प्रयागराज के गांव में ग्रामीणों को कानून की जानकारी दी:संविधान दिवस पर सीएमपी डिग्री कॉलेज ने चलाया अभियान,
संविधान दिवस पर प्रयागराज की हण्डिया तहसील के मुन्तजीपुर गांव में ‘न्याय चला गांव की ओर’ अभियान के तहत कानूनी जागरूकता कार्यक्रम हुआ। सीएमपी डिग्री कॉलेज के विधि विभाग के विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र ने ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी मदद लेने का तरीका बताया। कार्यक्रम में विधि शिक्षक, विद्यार्थी, ग्राम प्रधान और स्थानीय कलाकार शामिल हुए। नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों के जरिए संविधान और बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचार पेश किए गए। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। ग्राम प्रधान और प्रधान संघ सैदाबाद के अध्यक्ष राम बाबू सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। विधि विभाग के संयोजक प्रो. शिव शंकर सिंह ने बताया कि संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। उन्होंने लोगों से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को रोजमर्रा के जीवन में अपनाने की अपील की। विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के संयोजक डॉ. रमेश कुमार भारती ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कामकाज की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर लोग भी निःशुल्क कानूनी मदद ले सकते हैं। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने सीएमपी डिग्री कॉलेज के विधिक सहायता केंद्र से शुरुआती मार्गदर्शन लेने की जानकारी भी दी। क्लिनिक के सह-संयोजक डॉ. गौरव पटेल ने समाज में दूरी खत्म करने और अलग-अलग वर्गों के बीच समानता व आपसी सम्मान बढ़ाने की बात कही। डॉ. रमेश कुमार सिंह ने कहा कि अभियान का मकसद ग्रामीणों तक उनकी स्थानीय भाषा में कानूनी जानकारी पहुंचाना है। विधि विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए कानूनी मदद की जरूरत समझाई और पांच जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्थानीय कलाकार अमरनाथ चंचल और उनके साथियों ने संविधान और बाबासाहेब पर आधारित लोकगीत पेश किए। राजकुमार ने ‘मगर बेटे कचहरी न जाना’ गीत सुनाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)