प्रयागराज में भगवानदास मोरवाल के उपन्यास का लोकार्पण:मानुस हौं तो पुस्तक पर प्रो. कुमार वीरेंद्र से अनछुए पहलुओं पर चर्चा
प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित वाणी प्रकाशन ग्रुप की शाखा में कथाकार भगवानदास मोरवाल के नए उपन्यास ‘मानुस हौं तो’ का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर उपन्यास के रचनात्मक पक्ष, ऐतिहासिक संदर्भों और विषयवस्तु पर बातचीत हुई। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यापक प्रो. कुमार वीरेंद्र ने लेखक से संवाद किया। भगवानदास मोरवाल ने बताया कि किसी ऐतिहासिक चरित्र को उपन्यास में लिखना लेखक के सामने किस तरह की रचनात्मक चुनौतियां रखता है। उन्होंने उपन्यास लिखने में अष्टछाप से मिली मदद का भी जिक्र किया। उपन्यास के केंद्र में भक्त कवि रसखान हैं। लेखक ने उनके व्यक्तित्व और रचनाओं के उन पहलुओं पर बात की, जिनकी आमतौर पर चर्चा नहीं होती। बातचीत में रसखान के जीवन के साथ उस दौर की सत्ता, सामाजिक हालात और सांस्कृतिक माहौल को समझने की कोशिश की गई। कार्यक्रम में इतिहास को देखने, समझने और साहित्य में फिर से रचने की प्रक्रिया पर भी विचार साझा किए गए। संवाद के दौरान श्रोताओं को उपन्यास की पृष्ठभूमि और लेखक की रचनात्मक सोच के बारे में जानकारी मिली। कार्यक्रम का संचालन केतन यादव ने किया। ‘प्रयाग पथ’ के संपादक हितेश सिंह, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और साहित्यप्रेमी मौजूद रहे। अंत में वाणी प्रकाशन के इलाहाबाद केंद्र के प्रतिनिधि योगेंद्र यादव ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)