राज्यपाल से मिलने की तैयारी कर रहे छात्रनेता हाउस अरेस्ट:छात्रसंघ चुनाव बहाली का देना था ज्ञापन, CCSU में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद से पहले पुलिस की कार्रवाई
मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (CCSU) में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। शनिवार को विश्वविद्यालय में होने वाले पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद 2026 में राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल शामिल होंगी। उनके दौरे के दौरान छात्र नेता उनसे मुलाकात कर छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने और विश्वविद्यालय परिसर में नशे से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, राज्यपाल के पहुंचने से पहले ही कुछ छात्र नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। छात्र नेताओं ने इसे अपनी आवाज दबाने की कोशिश बताया है। राज्यपाल के सामने उठानी थीं विश्वविद्यालय की कमियां छात्र नेताओं का कहना है कि लंबे समय से विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। ऐसे में छात्रों की समस्याओं को मजबूती से उठाने वाला कोई निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं है। छात्रसंघ चुनाव केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि छात्रों को अपनी बात रखने और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने का माध्यम हैं। इसलिए चुनाव दोबारा शुरू कराए जाने जरूरी हैं। छात्र नेता राज्यपाल को ज्ञापन देकर चुनाव बहाली की मांग रखने वाले थे। शुभम भड़ाना बोले- कुलपति नहीं चाहतीं कि हम राज्यपाल से मिलें छात्र नेता शुभम भड़ाना ने आरोप लगाया कि कुलपति नहीं चाहतीं कि छात्र नेता राज्यपाल से मिलकर विश्वविद्यालय की कमियों और छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग रखें। इसी वजह से उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का छात्र होने के बावजूद उन्हें इस तरह रोकना गलत है। संविधान ने सभी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार दिया है, लेकिन उन्हें राज्यपाल के सामने अपनी बात रखने से रोका जा रहा है। उन्होंने इसे अपने संवैधानिक अधिकारों का हनन बताया। अक्षय बैसला बोले- सुबह घर पर पुलिस भेजकर क्या साबित करना चाहती हैं कुलपति छात्र नेता अक्षय बैसला ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुलपति मैडम इतना तनाव क्यों ले रही हैं? उन्हें विश्वविद्यालय जाने से रोकने के लिए सुबह-सुबह उनके घर पर पुलिस भेज दी गई। पुलिस की ड्यूटी लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस कार्रवाई से विश्वविद्यालय प्रशासन क्या साबित करना चाहता है। छात्र नेता राज्यपाल के सामने विश्वविद्यालय परिसर में नशे से जुड़ी गतिविधियों का मुद्दा भी रखने वाले थे। उनका कहना है कि पिछले दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर चिंता जताई थी। इसके बावजूद पिछले करीब 10 दिनों से विश्वविद्यालय परिसर में कथित शराब पार्टियों, शराब की खाली बोतलों और नशे की हालत में घूमते युवकों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। छात्र नेताओं का आरोप है कि इन घटनाओं से परिसर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वे राज्यपाल से परिसर में अनुशासन बनाए रखने और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग करना चाहते थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)