श्रावस्ती में बारिश के बीच गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन:बारिश मे शोभायात्राएं निकलीं, अब तक 31 प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन

Sep 27, 2026 - 08:18
0
श्रावस्ती में बारिश के बीच गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन:बारिश मे शोभायात्राएं निकलीं, अब तक 31 प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन
श्रावस्ती। जिले में शुक्रवार और शनिवार को लगातार बारिश के बीच गणेश प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। इकौना, जमुनहा, तुलसीपुर, लक्ष्मणनगर, गिलौला और मल्हीपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालु बारिश की परवाह किए बिना गाजे-बाजे और डीजे के साथ गणेश प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। इस दौरान पूरा माहौल गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा। शनिवार देर रात्रि तक सभी प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हुआ। इकौना कस्बे में स्थापित करीब आधा दर्जन गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा बारिश के बीच निकाली गई। वहीं जमुनहा क्षेत्र के तुलसीपुर व लक्ष्मणनगर और गिलौला में भी श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकाली। रास्तेभर श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ाते और गणपति के जयकारे लगाते नजर आए। कई श्रद्धालु छाता लेकर भी शोभायात्रा में शामिल हुए। बारिश के कारण भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। विसर्जन स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आरती और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद देर शाम और रात तक प्रतिमाओं का पवित्र जल में विसर्जन किया गया। शनिवार रात थाना मल्हीपुर क्षेत्र में तीन प्रतिमाओं तथा थाना हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र में शेष चार प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। जिले में कुल 31 गणेश प्रतिमाओं में से 24 प्रतिमाओं का विसर्जन पहले ही अलग-अलग दिनों में सकुशल कराया जा चुका था। शेष सात प्रतिमाओं का विसर्जन भी शनिवार देर रात तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। विसर्जन यात्राओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शोभायात्रा के मार्गों और विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की। बारिश के बीच शांतिपूर्ण ढंग से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही जिले में गणेशोत्सव का समापन हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User