सीतापुर में खेत गए किसान की मौत:खेत में बेसुध मिला, परिजन बोले- बारिश में भीगने से हुई मौत की आशंका
सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम बारिश के बीच खेत देखने गए 50 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार की सुबह 6 बजे मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, किसान देर रात तक घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। सुबह वह खेत में अचेत और पूरी तरह भीगे हुए मिले। परिजन उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, ग्राम कुटी फरीदपुर निवासी उमेश (50) पुत्र शत्रुघ्न शनिवार शाम बारिश के दौरान खेत देखने के लिए घर से निकले थे। क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच देर रात तक उमेश के वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। रात में बारिश और अंधेरा होने के कारण उनकी तलाश नहीं हो सकी। रविवार सुबह परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उमेश की खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान वह खेत में अचेत अवस्था में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि उमेश के कपड़े पूरी तरह भीगे हुए थे। परिजन तत्काल उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उमेश को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल उमेश की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन बारिश में लंबे समय तक भीगने और ठंड लगने के कारण मौत होने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)