'संविधान के मूल ढांचे को नष्ट नहीं किया जा सकता':DDU में बोले हाई कोर्ट जस्टिस लक्ष्मी कांत, संविधान दिवस समारोह में शामिल हुए
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के लॉ डिपार्टमेंट में तीन दिनों के संविधान दिवस समारोह के अंतिम दिन कि शुरुआत सुबह छात्रों ने विभाग से दीक्षा भवन तक जागरूकता प्रभात फेरी निकाल कर की। इसके बाद दीक्षा भवन में आचार्य पी.आर. त्रिपाठी स्मृति व्याख्यान हुआ, जिसमें मुख्य वक्ता हाईकोर्ट के जस्टिस लक्ष्मी कांत शुक्ला ने 'संविधान की सर्वोच्चता' विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि संविधान में संशोधन तो किया जा सकता है, लेकिन इसके मूल ढांचे को नष्ट नहीं किया जा सकता। कार्यक्रम के अंत में तीन दिनों तक चली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। सरकार की शक्तियां संविधान के दायरे में- जस्टिस शुक्ला
व्याख्यान में जस्टिस लक्ष्मी कांत शुक्ला ने कहा कि आप देश में लोकतंत्र को खत्म नहीं कर सकते, धर्मनिरपेक्षता को नुकसान नहीं पहुंचा सकते, संघीय ढांचे को हिला नहीं सकते और कानून के राज से दूर नहीं जा सकते। मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायिक समीक्षा और स्वतंत्र न्यायपालिका बेहद जरूरी है। दुनिया के अलग-अलग देशों के संविधान में फर्क हो सकता है, लेकिन मूल सिद्धांत यही है कि सरकार की सभी शक्तियों का इस्तेमाल संविधान की तय सीमाओं के भीतर ही हो। संविधान लोकतंत्र की आत्मा, छात्र इसे जीवन में उतारें- कुलपति
अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने सभी को संविधान दिवस की बधाई दी और छात्रों से संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने को कहा। लॉ डिपार्टमेंट के डीन प्रो. चंद्रशेखर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संविधान सिर्फ कानूनों की किताब नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। पूर्व डीन प्रो. अहमद नसीम ने कहा कि संविधान की सर्वोच्चता बनाए रखने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष और स्वतंत्र होना जरूरी है। इस दौरान डॉ. आशीष शुक्ला ने दादा और पोती के बीच संवाद के जरिए संविधान के मूल्यों को बेहद रोचक ढंग से समझाया। प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला सम्मान
मुख्य अतिथि जस्टिस शुक्ला ने तीन दिनों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। जिसमें भाषण प्रतियोगिता में बीए एलएलबी थर्ड सेमेस्टर की मैत्री मिश्रा पहले, इरिशा सिंह दूसरे और काजल मिश्रा व रंजू साहनी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में चांदनी गुप्ता, अमृता पांडेय, गुनगुन कुमारी और अन्नू सिंह की टीम फर्स्ट, मानसी, हर्षिता दूबे, ज्योति त्रिपाठी व मनोरमा गुप्ता की टीम सेकेंड और सुहानी विश्वकर्मा, श्वेता सिंह, आस्था चौबे और रोशनी सिंह की टीम थर्ड रही। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में अमृता यादव ने पहला, अभ्या भारती ने दूसरा और चंदन यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिव पूजन सिंह ने किया और आभार डॉ. रजनीश श्रीवास्तव ने जताया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस मौके पर डीएसडब्ल्यू प्रो. दिव्या रानी सिंह, प्रॉक्टर प्रो. गोपाल प्रसाद, प्रो. अनिल यादव, प्रो. आमोद कुमार राय, प्रो. अजय कुमार चौबे, प्रो. करुणाकर राम त्रिपाठी, प्रो. अजय गुप्ता, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. आरती सिंह, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. मीतू सिंह, डॉ. अभय सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)