वाराणसी में मतदाता-सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान:28 और 29 नवंबर को 3,220 मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दो दिवसीय अभियान के दौरान जनपद के सभी 3,220 बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। वे बूथों पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे और आम नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। नए पंजीकरण और गलती सुधार के लिए भरे जाएंगे विभिन्न फॉर्म
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर पात्र नागरिकों की सहायता करेंगे। जो युवा 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या कर चुके हैं। वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, ऐसे नागरिक जिनका नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं है। वे भी फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र के निर्धारित स्थान पर 4.5 सेमी × 3.5 सेमी की नयी रंगीन फोटो चिपकाना तथा उम्र एवं पते के प्रमाण से संबंधित सर्टिफिकेट लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया - मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पता, आयु, लिंग अथवा जन्मतिथि जैसी किसी भी गलती में सुधार के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए नागरिकों को फॉर्म-7 भरना होगा। अधिकारी करेंगे बूथों का निरीक्षण, अनुपस्थित बीएलओ पर गिरेगी गाज
अभियान की पारदर्शिता और सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और पर्यवेक्षकीय अधिकारी लगातार बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई बीएलओ अपने निर्धारित बूथ से अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दोनों दिन जनपद के वे सभी शिक्षण संस्थान, कार्यालय एवं अन्य संस्थान खुले रहेंगे। जहां मतदान स्थल स्थापित किए गए हैं। घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा उपलब्ध
बूथ पर जाने के अतिरिक्त प्रशासन ने मतदाताओं को डिजिटल माध्यम से भी आवेदन करने की सुविधा प्रदान की है। इच्छुक नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप अथवा आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ही फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 ऑनलाइन भरकर जमा कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने, मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यकतानुसार पंजीकरण एवं संशोधन कराने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)