वकील ने डाउनलोड लेख को आधार बनाया, फटकार:हाईकोर्ट ने कहा- किसी का लिखा कानून नहीं, तैयारी करके अदालत आया करिए

Nov 23, 2026 - 20:55
0
वकील ने डाउनलोड लेख को आधार बनाया, फटकार:हाईकोर्ट ने कहा- किसी का लिखा कानून नहीं, तैयारी करके अदालत आया करिए
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने इंटरनेट से डाउनलोड किए गए लेख को आधार बनाने पर वकील को फटकार लगाई है। पीठ ने कहा कि किसी वकील का लिखा लेख कानून नहीं होता और अदालतें उससे बंधी नहीं हैं। अदालत में पूरी तैयारी करके आया करिए। ऐसी फटकार न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने एक मामले के सुनवाई के दौरान लगाई। दरअसल, वकील ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को गलत तरीके से उद्धृत किया था। कोर्ट ने कहा कि अधिवक्ता ने अपने ही मामले के खिलाफ दलील देकर ‘सेल्फ गोल’ कर लिया। पीठ ने कहा कि वकीलों को मुकदमे की पूरी तैयारी और जरूरी कानूनी जानकारी के साथ अदालत आना चाहिए। कमजोर कानूनी सहायता से न्याय देने की प्रक्रिया पर असर पड़ता है। पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई चल रही थी मामला बीएनएसएस की धारा 173(4) के तहत एफआईआर दर्ज कराने की मांग वाली अर्जी से जुड़ा था। मजिस्ट्रेट ने अर्जी खारिज कर दी थी, जिसके खिलाफ आपराधिक पुनरीक्षण याचिका दायर की गई। याची का आरोप था कि उसने अपनी अचल संपत्ति 35 लाख रुपए में बेची, लेकिन खरीदार ने पूरी रकम नहीं चुकाई। सुनवाई के दौरान याची के अधिवक्ता ने इंटरनेट से डाउनलोड किए गए लेख का हवाला दिया। उन्होंने दलील दी कि बकाया रकम न चुकाना आपराधिक कार्रवाई का आधार हो सकता है। पीठ ने पाया कि लेख में किसी कानून की धारा या न्यायिक फैसले का संदर्भ नहीं था। लेख की प्रति भी साफ पढ़ने योग्य नहीं थी। वकील ने किस साइट से डाउनलोड किया, नाम भी पता नहीं था अदालत ने यह भी पाया कि अधिवक्ता को उस वेबसाइट का नाम तक पता नहीं था, जहां से लेख डाउनलोड किया गया था। पीठ ने इसे पेशेवर तैयारी की कमी माना। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को गलत तरीके से पेश करने पर भी अदालत ने नाराजगी जताई। बिक्री विलेख और संशोधन विलेख की जांच में सामने आया कि 29.15 लाख रुपए आरटीजीएस से, पांच लाख रुपए चेक से और बाकी 85 हजार रुपए भी चेक से दिए जाने का उल्लेख था। पीठ ने कहा कि यदि 85 हजार रुपए का चेक बाउंस हुआ था तो याची परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत शिकायत दर्ज करा सकता था। अदालत ने मजिस्ट्रेट के आदेश में कोई अवैधता नहीं पाई और पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User