533 छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली:बलिया कलेक्ट्रेट सभागार में बच्चों को अधिकारों और कानून की जानकारी दी

Nov 27, 2026 - 19:11
0
533 छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली:बलिया कलेक्ट्रेट सभागार में बच्चों को अधिकारों और कानून की जानकारी दी
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर शुक्रवार को बलिया के कलेक्ट्रेट सभागार में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। जिले के अलग-अलग स्कूलों के 533 छात्र-छात्राओं ने इसमें हिस्सा लिया और बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ ली। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी नोडल अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने की। संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने किया। कार्यक्रम में बाल विवाह रोकने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य और विकास में रुकावट बनता है। इसे रोकने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। जिले की उन बालिकाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिन्होंने अपने बाल विवाह का विरोध कर उसे रुकवाया था। कार्यक्रम में दूसरे छात्र-छात्राओं को भी बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज बनाने के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। उन्होंने बाल विवाह की किसी भी घटना के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने बाल विवाह के नुकसान और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने को कहा। कार्यक्रम में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (HEW) की जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह और पूनम राजभर मौजूद रहीं। वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर प्रिया सिंह, नीलम शुक्ला और हर्षवर्धन सहित अलग-अलग विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। समापन पर छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने में योगदान देने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User