अखिलेश कानून-व्यवस्था पर ज्यादा क्यों बोले?:योगी हर भाषण में 2017 से पहले का समय याद दिला रहे, जानिए सपा का घोषणा पत्र 2022 से कितना-अलग
‘अपराधी चाहे किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसकी जगह जेल में होगी और उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।’ – अखिलेश यादव यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा का घोषणापत्र (प्रण पत्र) जारी करते हुए अखिलेश यादव का सबसे बड़ा जोर कानून व्यवस्था पर रहा। उन्होंने यहां तक कहा कि अपराधी की पहचान उसकी पार्टी नहीं, बल्कि उसका अपराध होगा और किसी अपराधी को नहीं छोड़ा जाएगा। अखिलेश के इस कदम को अपनी उस छवि को तोड़ने का प्रयास करते दिखे, जो भाजपा उन पर थोपती रही है। यही वजह है कि अखिलेश ने कहा- अपराध और अपराधियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जाएगी। 3 बड़ी लॉ एंड ऑर्डर पर हुए वादे जानिए… अखिलेश ने घोषणापत्र में एक विशेष एसटीएफ गठित करने का वादा किया। ये जमीन विवाद सुलझाने, माफिया या प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा गरीब, पिछड़े और असहाय लोगों की जमीन पर कब्जे रोकेंगी। यह भी कहा कि डायल 100/112 की तर्ज पर अलग रंग की गाड़ियां तैयार की जाएंगी। जो भूमि कब्जों पर नियंत्रण रखेंगी। इसके बाद संबंधित जिला अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। अखिलेश का मास्टर स्ट्रोक, बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना अखिलेश ने बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना देने का बड़ा ऐलान किया। सियासी गलियारों में इस घोषणा को एक ‘मास्टर स्ट्रोक’ के तौर पर देखा जा रहा है। इसकी तुलना तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ‘थलपति’ विजय की नवजात शिशु गोल्ड स्कीम से की जा रही है। तमिलनाडु सरकार ने सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र नवजात शिशुओं के लिए 1 ग्राम सोने की अंगूठी और बेबी वेलकम किट से जुड़ी ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ योजना लॉन्च करने का वादा किया। बाद में थलपति विजय की सरकार भी बन गई। 4 वर्गों को साधने की कोशिश महिला - पुलिस भर्ती में 33% आरक्षण पिछले कुछ चुनावों से महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हाे चुकी है। यही कारण है कि सपा ने महिलाओं को साधा है। अखिलेश ने वादा कि सत्ता में आए तो पुलिस भर्ती में 33% आरक्षण देंगे। बीपीएल महिलाओं को 40 हजार रुपए सालाना पेंशन देने की घोषणा की है। कक्षा 9 और उससे ऊपर की छात्राओं के लिए 'साइकिल' और 'सोलर टेबल लैंप वितरण योजना' शुरू की जाएगी। 12वीं पास छात्र–छात्राओं को लैपटॉप देने की घोषणा का असर भी आधी आबादी को आकर्षित करेगी। अभी बोर्ड परीक्षाओं में सबसे अधिक संख्या में बेटियां पास हो रही हैं। अखिलेश ने घोषणा पत्र जारी करते हुए ये भी साफ किया कि महिलाओं के लिए पार्टी अलग से घोषणा पत्र लाएगी। विधवा, दिव्यांग और अनाथ लड़कियों से शादी करने पर 2 लाख रुपए की सहायता और एक घर देगी।
किसान - सत्ता में आए तो 100 दिन के अंदर कर्ज माफ होंगे सपा की सबसे बड़ी घोषणा किसान कर्जमाफी की है। प्रदेश में अभी किसानों पर 1.40 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है। सपा ने सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर राज्य के सभी किसानों का 100% कर्ज माफ करने की घोषणा की है। 'किसान आय एवं कल्याण आयोग' का गठन किया जाएगा, जो हर साल किसानों की आय बढ़ाने के तरीकों का सर्वे करेगा और सुझाव देगा। सपा ने सभी छोटे और सीमांत किसानों को 2 बोरी डीएपी व 5 बोरी यूरिया मुफ्त देगी। साथ ही फ्री बिजली, सिंचाई, ब्याज मुक्त कर्ज, बीमा और 40 हजार रुपए पेंशन की सुविधा भी मिलेगी। 'किसान कोष', प्राकृतिक आपदाओं के समय आपातकालीन सहायता के लिए एक बनाया जाएगा। किसान बीमा के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने की बात कही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कोल्ड स्टोरेज व कोल्ड चेन की बिजली दरों पर सब्सिडी दी जाएगी।
लाभदायक न्यूनतम समर्थन मूल्य उत्तर प्रदेश में सभी किसानों के लिए, दूध सहित सभी फसलों पर MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) की कानूनी गारंटी दी जाएगी। यह MSP, स्वामीनाथन फॉर्मूले (C2 + 50%) के आधार पर तय किया जाएगा। कुछ अधिसूचित फसलों जैसे टमाटर, प्याज, आलू, चीनी के मामले में, राज्य सरकार के सहयोग से एक 'मूल्य क्षतिपूर्ति तंत्र' भी स्थापित किया जाएगा। गन्ना किसानों को 24 घंटे के अंदर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 10,000 करोड़ रुपए का एक कोष बनाया जाएगा। युवा - पेपर लीक पर देशद्रोह जैसा कानून लाने का वादा छात्रों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा पास देंगे। सपा ने युवाओं को साधने के लिए 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का ऐलान किया है। सपा ने पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने के निर्णय लेने की बात कही है। जबकि भाजपा अपनी 10 साल की सरकार में साढ़े दस लाख नौकरियां देने का श्रेय लेती रही है। सभी स्नातकों को कौशल विकास के जरिए रोजगार दिलाने की गारंटी होगी। साथ ही जब तक कोई जॉब नहीं पाएगा, उसे तब तक 5 हजार रुपए महीने बेरोजगारी भत्ता की गारंटी देने की बात कही है। सपा ने इससे पहले 2012 में ये दांव खेला था। तब एक हजार बेरोजगारी भत्ता ने सपा को सत्ता में लाने में अहम भूमिका निभाई थी। पेपर लीक पर देशद्रोह जैसा सख्त कानून बनाने, राज्य स्तरीय परीक्षाओं के लिए एक वार्षिक कैलेंडर बनाने की बात कही है। एक चरण वाली भर्ती प्रक्रिया तीन महीने में पूरी करने, दो या तीन चरणों वाली भर्ती प्रक्रिया 6 महीने के भीतर पूरी की जाएगी। यूपी अधीनस्थ सेवा परीक्षाओं में 'वेटिंग लिस्ट' का प्रावधान रखा जाएगा। संविदा पर अब नियुक्ति नहीं होगी। शिक्षक - ओल्ड पेंशन स्कीम लागू निजी स्कूलों के शिक्षकों को 5000 रुपए का अतिरिक्त मासिक मानदेय दिया जाएगा। शिक्षा मित्रों को हर महीने 5 हजार रुपए देने और तीन साल में समायोजित करेंगे। सरकारी नौकरी वालों के लिए ओपीएस मतलब ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की घोषणा की है। अभी प्रदेश में सबसे अधिक शिक्षक कार्यरत हैं। इसके अलावा उन्होंने शिक्षकों को पढ़ाई के अलावा किसी अन्य कार्य से मुक्त रखने का ऐलान किया है। 2022 विधानसभा चुनाव से पहले भी सपा घोषणापत्र लेकर आई थी। 2027 चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने नए दांव खेले हैं… एक्सपर्ट बोले- घोषणापत्र भाजपा के लिए चुनौती सपा घोषणापत्र पर वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन अग्रवाल कहते हैं- अखिलेश ने अब तक का सबसे अच्छा और लोक लुभावन घोषणापत्र है। इसमें जेन जी से लेकर महिलाओं, ग्रामीणों और किसानों पर फोकस किया गया है। जहां बेरोजगारी भत्ता, लैपटॉप और नौकरी से जेन जी को जोड़ने की कोशिश की है। वहीं, महिलाओं के लिए लड़की पैदा होने पर 10 ग्राम सोना, 40 हजार रुपए पेंशन, कन्या विद्या धन और ग्रामीणों के लिए 300 यूनिट फ्री बिजली, किसानों के लिए कर्जमाफी और 24 घंटे के अंदर गन्ने का भुगतान प्रमुख घोषण है। ये सीधे तौर पर एक परिवार पर असर डालती है। इसमें से कई घोषणाएं पहले में की जा चुकी हैं और अखिलेश यादव व मुलायम सिंह यादव सरकार ने उसे पूरा करके दिखाया भी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)