वाराणसी में पहली बार NCSC की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता:छात्राओं ने फूलों से बनाया मच्छर भगाने का कार्ड, सब्जियों के छिलकों से तैयार किया बायोप्लास्टिक

Nov 27, 2026 - 19:26
0
वाराणसी में पहली बार NCSC की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता:छात्राओं ने फूलों से बनाया मच्छर भगाने का कार्ड, सब्जियों के छिलकों से तैयार किया बायोप्लास्टिक
वाराणसी में पहली बार राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की 32वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। शुक्रवार को SHEAT पब्लिक स्कूल में शुरू हुए तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेश के 165 चयनित दल हिस्सा ले रहे हैं। यहां वाराणसी की छात्राओं ने मंदिरों के फूलों के कचरे से मच्छर भगाने वाला कार्ड और सब्जियों के छिलकों के स्टार्च से बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक तैयार करने के प्रयोग प्रस्तुत किए। यहां प्रदेश के 165 चयनित दल अपनी परियोजनाओं के जरिए दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान बता रहे हैं। तीन दिवसीय आयोजन में प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के बाद 21 सर्वश्रेष्ठ टीमों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। मंदिरों के फूलों से बनाया मच्छर भगाने वाला कार्ड संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा 9 की छात्राएं जान्हवी सिंह और शिवांगी ने मिलकर बायोडिग्रेडेबल मॉस्किटो रिपेलेंट कार्ड तैयार किया है। दोनों ने अपने आसपास के क्षेत्र का सर्वे किया। इसमें उन्होंने पाया कि मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों को इस्तेमाल करने के बजाय नदी में विसर्जित कर दिया जाता है। इससे जल प्रदूषण की समस्या पैदा होती है। वहीं, नदी किनारे रहने वाले लोगों ने मच्छरों की समस्या भी बताई। छात्राओं ने दोनों समस्याओं को जोड़कर फूलों से मच्छर भगाने वाला कार्ड बनाने का प्रयोग किया। इसमें गेंदे के फूल, सिट्रोनेला और नीम जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया। सिट्रोनेला में मौजूद प्राकृतिक तत्व मच्छरों को दूर रखने में मदद करते हैं। कार्ड को आकार देने और उसकी परतों को चिपकाने के लिए गेहूं के आटे का पेस्ट इस्तेमाल किया। जलाने पर धुआं देने के लिए कपूर भी मिलाया। सभी सामग्रियों को पीसकर पेस्ट बनाया और शीट तैयार कर सुखाया। इसके बाद छोटे-छोटे कार्ड काटे गए। छात्राओं ने प्रोडक्ट की पैकेजिंग में भी प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया। इसके लिए पुराने अखबार, कॉपियों के कागज और फूलों से पैकेजिंग बॉक्स तैयार किया। दोनों ने सिंथोलिया क्षेत्र में लोगों को अपना प्रोडक्ट दिखाकर उनकी प्रतिक्रिया भी ली। सब्जियों के छिलकों के स्टार्च से बनाया बायोप्लास्टिक पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा शिवा ने सब्जियों के छिलकों से निकलने वाले स्टार्च से बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक तैयार किया। छात्रा ने बताया कि सामान्य प्लास्टिक के इस्तेमाल से माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण बढ़ रहा है। ऐसे में उन्होंने प्लास्टिक का विकल्प तैयार करने के लिए सब्जियों के कचरे का इस्तेमाल करने का विचार किया। उन्होंने बताया कि आलू और अन्य सब्जियों के छिलकों से स्टार्च निकालकर उसका इस्तेमाल किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में ग्लिसरीन की मात्रा महत्वपूर्ण होती है। ग्लिसरीन ज्यादा होने पर तैयार प्लास्टिक चिपचिपा हो सकता है, जबकि कम मात्रा में यह सख्त होकर टूट सकता है। सही अनुपात रखने पर लचीली शीट तैयार की जा सकती है। छात्रा का उद्देश्य खासतौर पर एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक का विकल्प तैयार करना है। वैज्ञानिक बोले- विज्ञान किताबों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में BSIP के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. सीएम नौटियाल ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं और पुस्तकों तक सीमित नहीं है। हमारे आसपास होने वाली प्राकृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी विज्ञान मौजूद है। बच्चों में सवाल पूछने, तथ्यों का अवलोकन करने और प्रमाण के आधार पर निष्कर्ष निकालने की प्रवृत्ति विकसित करना जरूरी है। यही राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का प्रमुख उद्देश्य है। VICAS के संस्थापक निदेशक एवं राज्य समन्वयक डॉ. एसके सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह आम आदमी के जीवन से जुड़कर उसकी समस्याओं का समाधान करे। स्वच्छता, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे विषयों में बच्चों की भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। पर्यावरण और स्वास्थ्य को विज्ञान से जोड़ने की जरूरत काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पर्यावरण एवं सतत विकास संस्थान के निदेशक प्रो. एएस रघुवंशी ने कहा कि स्वच्छ हवा, शुद्ध जल, मिट्टी की गुणवत्ता और जैव विविधता सीधे हमारे स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं। विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने के लिए वैज्ञानिक समझ और सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है। बच्चों को अपने आसपास की पर्यावरणीय समस्याओं का अध्ययन कर उनके व्यावहारिक समाधान खोजने चाहिए। BHU के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. विजय नाथ मिश्र ने स्वास्थ्य और विज्ञान के संबंधों पर कहा कि हमारा भोजन, नींद, शारीरिक गतिविधियां और जीवनशैली सभी वैज्ञानिक सिद्धांतों से जुड़े हैं। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का मतलब केवल बीमारियों का इलाज नहीं, बल्कि वैज्ञानिक जानकारी के आधार पर स्वस्थ आदतें अपनाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी धारणा को बिना प्रमाण स्वीकार करने के बजाय उसका वैज्ञानिक आधार समझें। TIFAC के पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक सुविधाओं के पीछे वर्षों का वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय जिज्ञासा होती है। तकनीक का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका इस्तेमाल आम लोगों का जीवन सरल और बेहतर बनाने के लिए हो। वैज्ञानिकों से सीधे सवाल पूछे, छह कक्षों में हुई परियोजनाओं की प्रस्तुति उद्घाटन सत्र के बाद बाल विज्ञान प्रदर्शनी और गतिविधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसके बाद छह कक्षों में तकनीकी सत्र आयोजित हुए। इसमें चयनित समूह नेताओं ने विशेषज्ञों और मूल्यांकनकर्ताओं के सामने अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। बच्चों ने अपने अवलोकन, प्रयोग और निष्कर्षों को तर्क के साथ रखा। शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए आयोजित कार्यशाला में डॉ. सीएम नौटियाल, प्रो. विजय नाथ मिश्र और BHU के प्राणी विज्ञान विभाग के प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने हिस्सा लिया। इसमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता पर चर्चा हुई। 'वैज्ञानिकों के साथ आमने-सामने' कार्यक्रम में बच्चों को विशेषज्ञों से सीधे सवाल पूछने का मौका मिला। इसमें वैज्ञानिकों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का जवाब दिया और उन्हें अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। नृत्य और संगीत के जरिए समझाए विज्ञान के सिद्धांत शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विज्ञान और संस्कृति के संबंध को प्रस्तुतियों के माध्यम से समझाया गया। महाराष्ट्र की लावणी, हरियाणवी नृत्य, संगीत प्रस्तुति, कथक और युगल नृत्य हुए। इन प्रस्तुतियों में ढोलकी की थाप से ध्वनि और कंपन, नृत्य में ऊर्जा का रूपांतरण, संगीत में आवृत्ति और अनुनाद तथा कथक के चक्करों से गति और संतुलन के सिद्धांत समझाए गए। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 165 चयनित दल अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत करेंगे। 28 नवंबर को विज्ञान रैली, परियोजना प्रस्तुतियों और कार्यशालाओं का आयोजन होगा। 29 नवंबर को समापन समारोह के साथ प्रदेश की 21 सर्वश्रेष्ठ टीमों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User