मेट्रो यार्ड में नौकरी करने वाले गार्ड करते थे चोरी:तार के बंडल चोरी कर कबाड़ी को बेचते, तीन गिरफ्तार
आगरा में मेट्रो निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री चोरी करने वाले तीन आरोपियों को सिकंदरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी मंदीप अभी फरार है। आरोपियों ने सीगल इंडिया कंपनी के कास्टिंग यार्ड से तार के बंडल चोरी किए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 10 तार के बंडल बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, चोरी की घटना के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही थी। सिकंदरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुष्पेंद्र, गोविंद और नवीन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के छह तार के बंडल बरामद किए गए। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चार अन्य तार के बंडल भी बरामद कर लिए गए। पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस तरह पुलिस ने कुल 10 तार के बंडल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपये है। आरोपी पुष्पेंद्र ने बताया कि वो अपने साथी गोविंद और मंदीप के साथ यार्ड में ही नौकरी करता है। वो पहले भी बंडल चोरी कर नवीन कबाड़ी को बेच चुके हैं। तीनों ने मिलकर इस बार भी चोरी की और बंडल बेच दिए। पुलिस ने कबाड़ी को गिरफ्तार किया। उसने बताया कि चोरी किए बंडल को वो गला चुका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)