नोएडा में 164 विदेशी नागरिकों को बनाया था गुलाम:नौकरी का झांसा देकर भारत लाए, पासपोर्ट छीने , दिल्ली क्राइम ब्रांच ने कॉल सेंटर पर मारा छापा
नौकरी का सपना दिखाकर विदेश से भारत बुलाया, फिर पासपोर्ट कब्जे में लेकर साइबर ठगी के धंधे में धकेल दिया। विरोध करने पर बंधक बनाकर रखा गया। नोएडा के सेक्टर-136 में चल रहे अंतरराष्ट्रीय साइबर गुलामी के इस कथित नेटवर्क का दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। ज्वाइंट सीपी क्राइम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि टीम ने कॉल सेंटर से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया है। इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं। सभी की उम्र 19 से 22 साल के बीच बताई गई है। मौके से एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। यहां विदेशी नागरिकों से फर्जी महिला प्रोफाइल बनवाकर लोगों को ऑनलाइन निवेश के जाल में फंसाया जा रहा था। लैपटॉप और कंप्यूटर के जरिए साइबर ठगी का पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा था। मुक्त कराए गए लोगों में दो भारतीय नागरिक भी बताए गए हैं। विदेशी नागरिकों को सुरक्षित निकालने के बाद संबंधित दूतावासों से संपर्क किया जा रहा है। मलेशियाई नागरिक के ई-मेल से खुला पूरा मामला इस पूरे नेटवर्क का खुलासा एक मलेशियाई नागरिक की शिकायत से हुआ। करीब एक सप्ताह पहले उसने दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को ई-मेल भेजकर अपने साथ हुई घटना और वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी दी थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच ने उससे संपर्क किया और बताए गए तथ्यों का ग्राउंड लेवल पर सत्यापन कराया। जांच में नोएडा के सेक्टर-136 में एक कॉल सेंटर का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई कर वहां से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया। पासपोर्ट छीनकर बनाया साइबर ठगी का जरिया जांच में सामने आया कि विदेशी नागरिकों को भारत में अच्छी नौकरी और बेहतर कमाई का लालच देकर बुलाया गया था। यहां पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिए गए। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर उनकी मर्जी के खिलाफ साइबर ठगी के काम में लगाया गया। कॉल सेंटर में उनसे फर्जी महिला प्रोफाइल बनवाकर लोगों से ऑनलाइन संपर्क कराया जाता था। फिर उन्हें निवेश के नाम पर पैसे लगाने के लिए फंसाया जाता था। इस तरह विदेश में बैठे लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया जा रहा था। 355 मोबाइल और 168 कंप्यूटर समेत 549 डिजिटल उपकरण मिले क्राइम ब्रांच ने मौके से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं। इनमें 355 मोबाइल फोन, 168 कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, 174 पासपोर्ट, 53 सिम कार्ड और सर्वर समेत कुल 549 डिजिटल उपकरण शामिल हैं। बरामद पासपोर्ट में 95 इंडोनेशिया के और बाकी मलेशिया के बताए गए हैं। पुलिस इन उपकरणों की जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी के नेटवर्क, इसके संचालकों और विदेश में जुड़े लोगों की पहचान की जा सके। भारतीय हैंडलरों की भूमिका भी जांच के घेरे में इस नेटवर्क में भारतीय हैंडलरों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, सुनील कुमार नाम का एक व्यक्ति देश से बाहर है, जबकि सुशील भाटी को भी इस मामले में एसोसिएट बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल एक 25 वर्षीय मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितने लोगों से ठगी की गई और इसका संचालन किन लोगों के इशारे पर हो रहा था। देश में साइबर गुलामी से जुड़ा पहला मामला बताया क्राइम ब्रांच इस कार्रवाई को साइबर गुलामी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मान रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नौकरी के नाम पर विदेशी नागरिकों को बुलाकर उनके दस्तावेज कब्जे में लेना और उनसे जबरन साइबर ठगी कराना इस नेटवर्क का तरीका था। मुक्त कराए गए विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके दूतावासों के जरिए आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। ज्वाइंट सीपी क्राइम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पहले तथ्यों का सत्यापन किया। इसके बाद नोएडा के सेक्टर-136 में कार्रवाई की गई। मामले में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और भारतीय हैंडलरों की भूमिका की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)