प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना व फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा:सीडीओ ने अनुपस्थित सिंचाई अधिकारी से तलब किया स्पष्टीकरण
प्रयागराज की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना’ तथा ‘फार्मर रजिस्ट्री’ की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को योजना के अंतर्गत निर्धारित शत-प्रतिशत (100 प्रतिशत) लक्ष्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य और उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभागीय पोर्टल पर अद्यतन आंकड़े शीघ्र फीड करें। उन्होंने कहा कि जमीनी प्रगति से जुड़े आंकड़ों को पोर्टल पर लगातार अपडेट रखा जाए और इसकी अद्यतन जानकारी उच्चाधिकारियों को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रगति की वास्तविक स्थिति का आकलन हो सके। फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरविभागीय तालमेल से ही कार्यों की गति बढ़ेगी और जनपद की रैंकिंग तथा समग्र स्थिति में अपेक्षित सुधार लाया जा सकेगा। बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने बिना पूर्व सूचना या उचित कारण के बैठक से नदारद रहने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक स्तर पर हुई इस समीक्षा बैठक को कृषि और उससे जुड़े विभागों के कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)