SN में कार्डियक एनेस्थीसियन की कमी, रुकीं ओपन हार्ट सर्जरी:इंतजार में कई मरीज, दो सर्जरी के बाद थमे ऑपरेशन
एसएन मेडिकल कॉलेज में ओपन हार्ट सर्जरी की सुविधा शुरू तो हो गई, लेकिन अब कार्डियक एनेस्थीसियन की कमी के चलते इस पर ब्रेक लग गया है। एनेस्थीसियन की व्यवस्था के लिए करीब तीन महीने पहले ही विभाग की ओर से अनुरोध भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। कार्डियक एनेस्थीसियन को इस तरह की सर्जरी के लिए प्रशिक्षित करने में करीब दो साल का समय लगता है। ऐसे में विशेषज्ञ की कमी मरीजों के इलाज में बाधा बन रही है। जानकारी के अनुसार, करीब 25 मरीजों की सर्जरी लाइनअप में है। इनमें कुछ मरीज ऑपरेशन के लिए फिट नहीं हैं, जबकि कुछ की सर्जरी एनेस्थीसियन की उपलब्धता नहीं होने से रुकी हुई है। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक की चौथी मंजिल पर कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग संचालित है। पांचवीं मंजिल पर ओपन हार्ट सर्जरी के लिए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए गए हैं। इसी साल 15 मई को यहां पहली बार बाईपास सर्जरी की गई थी। अप्रैल में 13 साल के बच्चे और सितंबर में 58 साल की महिला की ओपन हार्ट सर्जरी भी हुई थी। इन ऑपरेशन में एसएन के अपने चिकित्सकों और कैथ लैब की मशीन का उपयोग किया गया था। इसके बाद से सर्जरी नहीं हो पा रही हैं। अब ऑपरेशन के लिए विशेष कार्डियक एनेस्थीसियन और ईको कार्डियोग्राफी मशीन की जरूरत है, ताकि सर्जरी के दौरान और बाद में मरीज की बेहतर निगरानी की जा सके। अब तक ईको कार्डियोग्राफी मशीन उसी बिल्डिंग में मौजूद कार्डियक विभाग से मशीन अरेंज कर सर्जरी की गई हैं। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता का कहना है कि अब तक हुई सर्जरी एसएन के ही विभाग के एनेस्थीसियन की मदद से की गई थीं। उन्हें इस काम में और दक्ष बनाने के लिए विभाग से विशेषज्ञों की सूची मांगी गई है। विशेषज्ञों को एसजीपीजीआई लखनऊ में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा, जिससे वे इस प्रक्रिया में महारत हासिल कर सकें। ईको कार्डियोग्राफी मशीन की खरीद प्रक्रिया भी चल रही है। उनका कहना है कि फिलहाल कोई मरीज सर्जरी के लिए नहीं आया है। जल्द ही विभाग की इस प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)