विवादों के बाद आगरा डायोसिस को मिला स्थाई बिशप:दिल्ली में चुनाव जीते हैराल्ड अमिताभ, 11 ने पेश की थी दावेदारी, पूर्व में विवादों में रही आगरा डायोसिस
चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) की आगरा डायोसिस में महीनों तक चले वित्तीय अनियमितताओं और प्रशासनिक विवादों के बाद आखिरकार स्थाई बिशप का चुनाव हो गया है। शुक्रवार को दिल्ली स्थित सीएनआई भवन में हुए चुनाव में रेव. हैराल्ड अमिताभ को विजयी घोषित किया गया। अब उम्मीद जताई जा रही है कि नए बिशप के मिलने के के साथ डायोसिस में स्थिरता लौटेगी। कुल 11 पदारियों ने पेश की थी दावेदारी:
चुनाव में कुल 11 पादरियों ने दावेदारी पेश की थी। इनमें रेव. ज्योति सैमुअल सिंह, रेव. रोशन लाल, रेव. अनिश क्रिस्टोफर जैकब, रेव. अमन अभिषेक प्रसाद, रेव. अश्विन आर्थर प्लोमर, रेव. राजीव चंद, रेव. परितोष अभिषेक नोएल, रेव. हैराल्ड अमिताभ, रेव. संतोष पांडे, रेव. नाथेनियल दास और रेव. वेबस्टर सैमुअल जेम्स शामिल थे। मतदान केवल 20 मतदाताओं द्वारा बैलेट पेपर से कराया गया। इनमें आगरा डायोसिस के 10 सदस्य (5 पादरी और 5 गैर-पादरी) तथा सीएनआई सिनेट के 10 सदस्य शामिल थे। सुबह प्रत्याशियों ने अपनी योजनाएं रखीं और दोपहर तक नतीजा घोषित हो गया। क्या रहा विवाद:
आगरा डायोसिस के पूर्व बिशप बीके नायक (बिजय कुमार नायक) फरवरी 2024 में पद संभाले थे। अप्रैल 2026 में हाथरस के सादाबाद निवासी जुगेंद्र सिंह की शिकायत पर हरीपर्वत थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप था कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के जरिए डायोसिस के धन का गबन कर अपने पैतृक क्षेत्र ओडिशा के कंधामाल जिले (दारिंगबाड़ी) में निजी उपयोग और स्कूल निर्माण के लिए भेजा। धन का इस्तेमाल धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में करने का भी आरोप लगा। बिशप को हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे मिला था। मुकदमे के बाद उन्हें छुट्टी पर भेज दिया गया। गठित हुई जांच समिति:
सीएनआई सिनाड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित की। जांच के दौरान कोषाध्यक्ष आशीष हाबिल और सचिव अविनाश चंद्र ने स्वेच्छा से पद छोड़ दिए। बाद में प्रशासनिक फेरबदल भी हुए। डायोसिस के स्कूलों की फीस और अन्य धन के गबन के आरोप भी सामने आए थे। स्थाई बिशप का आना आगरा डायोसिस के लिए जरूरी:
आगरा डायोसिस पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बड़े हिस्से में कार्यरत है। इसके अधीन दर्जनों चर्च, करीब 60-70 विद्यालय, अस्पताल और अन्य संस्थान हैं। महीनों की अनिश्चितता और विवादों के बाद स्थाई बिशप का आना संस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)