यूपीपीएससी के नए अध्यक्ष डॉ. एके वर्मा ने संभाला कार्यभार:पहली ही बैठक में आवेदन त्रुटि सुधार पर लिया बड़ा फैसला
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में गुरुवार को वरिष्ठ सदस्य डॉ. एके वर्मा ने अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। 21 नवम्बर को अध्यक्ष संजय श्रीनेत के रिटायर होने के बाद से यह पद रिक्त हुआ था। इस पद के लिए पीएसी के डीजी आलोक सिंह का राज्यपाल ने चयन कर दिया है, लेकिन आसार है कि वह दो महीने बाद ज्वाइन करें। क्योंकि वह डीजी पद से 24 जनवरी 2027 को रिटायर होंगे, उसके बाद वह यूपीपीएससी का कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। ऐसे में आयोग के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एके वर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है। पद संभालने के तुरंत बाद उनकी अध्यक्षता में आयोग की पहली महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें लंबित चयन प्रक्रियाओं की समीक्षा के साथ अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देने वाले कई अहम फैसले किए गए। आवेदन की मानवीय भूल में सुधार का अवसर
न्यायालयों में दायर याचिकाओं और आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले प्रत्यावेदनों को देखते हुए बैठक में अभ्यर्थियों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया। तय किया गया कि आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली समस्त प्रकार की परीक्षाओं और चयनों में ऑनलाइन आवेदन करते समय यदि नाम, पिता का नाम, लिंग, जन्मतिथि और प्राप्तांक/पूर्णांक के संबंध में किए गए दावे में मानवीय भूलवश कोई त्रुटि हो जाती है, तो चयन परिणाम घोषित होने की तिथि से पहले शपथ-पत्र के माध्यम से साक्ष्य सहित प्रत्यावेदन देने पर विचार कर सुधार किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के लिए यह कदम बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि आवेदन की छोटी-सी मानवीय चूक पहले अभ्यर्थन निरस्त होने या कानूनी उलझनों का कारण बनती थी। पारदर्शिता व शुचिता की प्रतिबद्धता
बैठक में आयोग के सदस्य प्रो. (डॉ.) राम प्यारे, प्रो. विपिन कुमार सिंह, डॉ. सुधीर प्रकाश, प्रो. (डॉ.) अनुपम पाण्डेय और मेजर जनरल (डॉ.) मनोज कुमार उपस्थित रहे। नव-नियुक्त अध्यक्ष डॉ. एके वर्मा ने आयोग की कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई, ताकि अभ्यर्थियों के हितों का संरक्षण और संवर्धन हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)