मधुमक्खियों के हमले से महिला की मौत:मैनपुरी में खूंटे से भैंस खोलने गई थीं, अस्पताल में तोड़ा दम
मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से गंभीर रूप से घायल महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मधुमक्खियों के झुंड ने महिला को बुरी तरह काट लिया था, जिससे उनका पूरा शरीर सूज गया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें भोगांव सीएचसी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए। मूल रूप से गिगौरा गांव निवासी 45 वर्षीय सुनीता पाल पत्नी रजनीश पाल भोगांव थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास रहती थीं। शुक्रवार शाम करीब छह बजे वह अपनी भैंस खोलने गई थीं। इसी दौरान पास के पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकल आया और उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के लगातार काटने से सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें मधुमक्खियों के झुंड से बचाया। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए भोगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, मधुमक्खियों के काटने से महिला के शरीर में गंभीर प्रतिक्रिया हुई थी। उनका पूरा शरीर सूज गया था और हालत लगातार बिगड़ रही थी। मौत के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)