मुआवजे की मांग को लेकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा किसान:फिरोजाबाद में दो घंटे तक चला ड्रामा, तहसीलदार ने समझाकर नीचे उतारा
फ़िरोज़ाबाद जिले के सिरसागंज क्षेत्र के अतापुर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी और हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब मुआवजे की मांग को लेकर एक नाराज किसान करीब 90 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। दोपहर करीब साढ़े चार बजे टावर पर चढ़े युवक को शाम साढ़े छह बजे प्रशासनिक आश्वासन और काफी समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। जानकारी के अनुसार, अतापुर निवासी ऋषि ओम पुत्र नवाब सिंह के खेत में हाईटेंशन टावर लगाने का काम चल रहा है। युवक का आरोप है कि काम शुरू होने और फसल व जमीन के नुकसान के बावजूद उसे अब तक मुआवजा नहीं मिला है। गुस्साए ऋषि ओम ने अपना हक मांगने के लिए यह जोखिम भरा कदम उठाया। लगभग दो से तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर ग्रामीणों और पुलिस की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की भनक लगते ही किसान यूनियन के पदाधिकारी अंशुमान सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे और युवक के समर्थन में धरने व नारेबाजी पर बैठ गए। इस बीच नायब तहसीलदार विवेक कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचकर युवक से फोन पर वार्ता की और समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद युवक नीचे उतरा। पीड़ित युवक ने कहा कि मैं अपना हक मांग रहा हूं। अतापुर में खेत में काम चल रहा है और मेरा नुकसान हो गया है। मुझे अभी तक कुछ भी नहीं मिला है, जितना मेरा मुआवजा और नुकसान है, करीब डेढ़ लाख रुपये, मैं बस उतना ही मांग रहा हूं। किसान यूनियन नेता अंशुमान सिंह कहा कि नायब तहसीलदार आए थे और तय हुआ है कि सोमवार को एक एजेंडा बैठक होगी, जिसमें नुकसान वाले सभी परिवारों के मुख्य लोग शामिल होंगे। मुआवजे का मानक, बनने वाली राशि और भुगतान की तारीख-यह सब लिखित में चाहिए, तभी आगे का काम और तार खींचने की प्रक्रिया बढ़ेगी। उन्होंने कहा किसान हताश और परेशान होकर ऐसे कदम उठाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)