सहारनपुर में चिलकाना इंस्पेक्टर समेत 3 सस्पेंड:हरियाणा में घुसकर किसान से की थी मारपीट, गाड़ी छीनने की कोशिश की थी, मारपीट का CCTV
सहारनपुर के चिलकाना थाने के इंस्पेक्टर अक्षय शर्मा को SSP अभिनंदन ने सस्पेंड कर दिया है। उनके साथ 2 अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है। शुक्रवार को SSP की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों पर हरियाणा की सीमा में घुसकर एक किसान और उसके साथियों के साथ मारपीट करने का आरोप है। मामले की शिकायत 25 नवंबर 2026 को हरियाणा से आए कुछ लोगों ने SSP अभिनंदन से की थी। यमुनानगर जिले के घोड़ो पीपली निवासी अनिल कुमार ने SSP को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि चिलकाना थाने के इंस्पेक्टर और कुछ पुलिसकर्मी हरियाणा में पहुंचे और उनके साथ मारपीट, अभद्रता करते हुए गाड़ी छीनने की कोशिश की। रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से किया हमला अनिल कुमार के मुताबिक, 16 नवंबर की रात करीब 10:25 बजे वह अपने दो साथियों के साथ एक अन्य साथी को घर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उत्तराखंड नंबर की ब्रेजा कार आई। कार सवार लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और साइड में होने के लिए कहा। अनिल के मुताबिक, कुछ दूरी आगे जाने पर वही लोग दोबारा पीछे से आए और उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोप है कि कार से उतरे लोगों के हाथों में लाठी-डंडे थे। उन्होंने अनिल और उनके साथियों के साथ मारपीट और अभद्रता की। इतना ही नहीं, उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने और जबरन छीनने की कोशिश भी की गई। अनिल का आरोप है कि उनके साथ मौजूद दोनों साथियों के रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। पुलिस चौकी पहुंचे तो आरोपी हो चुके थे फरार घटना के बाद अनिल कुमार ने हरियाणा की एक पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी इंचार्ज को शिकायत दी। उनका कहना है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से जा चुके थे। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि मारपीट करने वाले लोग सहारनपुर के चिलकाना थाने में तैनात पुलिसकर्मी थे। अनिल ने घटना स्थल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी SSP अभिनंदन को सौंपी थी, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। उन्होंने हरियाणा के SP को भी इस संबंध में शिकायत दी है। ईंट भट्ठा एसोसिएशन ने भी उठाए सवाल इस मामले में जिला दक्षिण ईंट भट्ठा एसोसिएशन से जुड़े सन्नी चौधरी ने भी पुलिसकर्मियों के व्यवहार की निंदा की थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि इस घटना के पीछे हरियाणा से उत्तर प्रदेश आने वाले अवैध खनन के डंपरों का मामला हो सकता है। उनका दावा था कि डंपरों और कथित अवैध वसूली से जुड़े कुछ वीडियो भी उनके पास मौजूद हैं। शिकायत मिलने के बाद SSP अभिनंदन ने मामले को गंभीरता से लिया। शिकायत के दो दिन बाद शुक्रवार को चिलकाना थाने के इंस्पेक्टर अक्षय शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही 2 अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)